भारतमाला प्रोजेक्ट के घोटालेबाजों से मिलीं 37 किलो की चांदी की ईंटें 

भारतमाला प्रोजेक्ट के घोटालेबाजों से मिलीं 37 किलो की चांदी की ईंटें 

66.9 लाख कैश और दस्तावेज भी जब्त

रायपुर। बहुचर्चित भारतमाला प्रोजेक्ट में मुआवजा घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरुद में कुल आठ ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी, चांदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

जमीन अधिग्रहण मुआवजा में गड़बड़ी के मामले में यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान करीब 66.9 लाख रुपये नकद और 37 किलो से अधिक चांदी बरामद की गई है। इसके अलावा कई डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), रायपुर के मुताबिक, 28 अप्रैल को अभनपुर, रायपुर, धमतरी और कुरुद स्थित आठ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था। यह तलाशी अभियान भारतमाला योजना के तहत रायपुर-विशाखापत्तनम राजमार्ग परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के बदले अवैध रूप से मुआवजा प्राप्त करने के मामले में चलाया गया। इस दौरान, 66.9 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, 37.13 किलोग्राम वजन की चांदी की ईंटें और अन्य चांदी की वस्तुएं, डिजिटल उपकरण और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।

ईडी की जांच में पता चला कि आरोपियों ने कुछ सरकारी कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों के साथ आपराधिक साजिश रचकर, धोखाधड़ी से अतिरिक्त मुआवजा प्राप्त किया। उन्होंने जानबूझकर भूमि का स्वामित्व हस्तांतरित किया। साथ ही धारा 3ष्ठ के तहत अधिसूचना जारी होने से पहले ही भूमि के कई छोटे-छोटे टुकड़े बना लिए।

अफसर हो या नेता, किसी को भी नहीं बख्शेंगे: टंकराम
भारतमाला परियोजना में चल रही जांच और छापेमारी पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि इस मामले में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह अधिकारी हो, नेता हो या कोई अन्य व्यक्ति, सभी पर कार्रवाई जारी है और आगे जांच और गहराई तक जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं। सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सरकार इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।