CG Big News: रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों पकड़ा

CG Big News: रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों पकड़ा

महासमुंद। जिले के ग्राम पंचायत बेमचा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को प्रार्थी से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, महासमुंद निवासी सूरज राम रात्रे ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के आधिपत्य में ग्राम बेमचा के इंद्रा कॉलोनी स्थित आबादी भूमि पर पूर्व सरपंच द्वारा निर्माण के लिए एनओसी जारी की गई थी। हालांकि, वर्तमान सरपंच देवेन्द्र चंद्राकर ने उक्त अनुमति को निरस्त कर दिया और पुनः निर्माण की अनुमति देने के बदले 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

ACB द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान आरोपी सरपंच ने सौदेबाजी कर रिश्वत की रकम 3.80 लाख रुपये तय की और इसमें से 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में पहले ही ले चुका था।

16 अप्रैल को ACB की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान सरपंच को प्रार्थी से रिश्वत की अगली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।