OLX पर एक्टिव है ठग, सावधान रहें... खुद को कैमरे का डिस्ट्रीब्यूटर बताकर 2 लाख ठगे, बिहार से गिरफ्तार

OLX पर एक्टिव है ठग, सावधान रहें... खुद को कैमरे का डिस्ट्रीब्यूटर बताकर 2 लाख ठगे, बिहार से गिरफ्तार

रायपुर। ऑनलाइन ठगी के एक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरानी बस्ती और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार के समस्तीपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर OLX के जरिए एक महिला से लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप है।

मामले की जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को OLX पर कैमरा खरीदने के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उससे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर बताकर भरोसा जीता और अलग-अलग UPI आईडी के माध्यम से कुल 2 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 318(4) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल ट्रांजेक्शन का गहन विश्लेषण किया, जिसके बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम बिहार के समस्तीपुर पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार महतो (38 वर्ष) और सुबोध कुमार सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीदारी करते समय सतर्क रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अग्रिम भुगतान न करें। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।