भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में छुट्टी, अब 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे सभी स्कूल...

भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में छुट्टी, अब 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे सभी स्कूल...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के सभी स्कूल अब 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे। पहले यह ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से लागू होना था, लेकिन असामान्य गर्मी के कारण इसे समय से पहले लागू किया जा रहा है।

अप्रैल महीने में ही प्रदेश में तापमान मई-जून जैसी तीव्रता तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर स्कूली बच्चों पर गर्मी का अधिक असर देखा जा रहा है। अभिभावकों द्वारा लगातार यह मांग उठाई जा रही थी कि ऐसी स्थिति में बच्चों को स्कूल भेजना उचित नहीं है।

मामला जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचा, तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री से चर्चा की। इसके बाद सरकार ने निर्णय लिया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश को अग्रिम रूप से लागू किया जाए, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।

सरकार के इस फैसले के तहत अब प्रदेशभर के सभी स्कूल सोमवार, 20 अप्रैल से बंद रहेंगे और 15 जून तक अवकाश जारी रहेगा। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा।

राज्य सरकार का मानना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय आवश्यक था, ताकि अत्यधिक गर्मी के दुष्प्रभाव से उन्हें बचाया जा सके।