राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा,रायपुर और जगदलपुर के विभिन्न कार्यक्रमों में होंगी शामिल
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुरक्षा में 2 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। एयरपोर्ट से लोकभवन और इंडोर स्टेडियम तक आवागमन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कल बस्तर प्रवास
राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन बस्तर प्रवास पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
2 हजार से ज्यादा जवान तैनात
राष्ट्रपति के रायपुर प्रवास को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। उनकी सुरक्षा में 2 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
एयरपोर्ट से लोकभवन और इंडोर स्टेडियम तक राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान जरूरत के अनुसार ट्रैफिक रोका जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा जा सकता है।
admin





