खुद को रेलवे जेई बताकर युवती को दिया शादी का झांसा फिर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती से संपर्क किया था और खुद को रेलवे में जूनियर इंजीनियर (जेई) बताकर विश्वास में लिया। इसके बाद विवाह का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। आरोपी की पहचान लखन कुमार पटनायक (37) निवासी भिलाईनगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
मामले में 33 वर्षीय पीड़िता ने 23 अप्रैल को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया। पीड़िता के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा और परिजनों के अनुपस्थित रहने का फायदा उठाकर शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार विवाह का प्रलोभन देकर संबंध बनाता रहा।
जब पीड़िता के परिजनों ने सगाई और विवाह की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने से इनकार करते हुए केवल कोर्ट मैरिज की बात कही। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी दिया गया, लेकिन इसके बाद आरोपी ने संपर्क समाप्त कर दिया और अंततः शादी से इंकार कर दिया।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। फिलहाल आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

admin 





