कोतवाली डिवीजन की सड़कों पर सप्राइज चेकिंग के लिए उतरे पुलिस अधिकारी, 10 अपराधी भेजे गए जेल
रायपुर। राजधानी में कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए रायपुर पुलिस ने गुरुवार रात एक बड़ा अभियान चलाया। कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले चार थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त कर अड्डेबाजों, नशाखोरों और वारंटियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
चार थाना क्षेत्रों में सघन घेराबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कोतवाली डिवीजन के आला अधिकारियों के नेतृत्व में कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। पुलिस की टीमों ने शराब दुकानों के आसपास के इलाकों, सुनसान गलियों और उन ठिकानों पर छापेमारी की, जहाँ अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।
नशाखोरों और अड्डेबाजों पर शिकंजा
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और अड्डेबाजी कर राहगीरों को परेशान करने वाले संदिग्धों की धरपकड़ की।
कुल 8 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
आरोपियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
मजिस्ट्रेट के आदेश पर 7 आरोपियों को केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान गंज और मौदहापारा पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर सालों से फरार चल रहे अपराधियों की तलाश की। पुलिस ने 2 स्थायी वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल की, जो लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे। इसके अलावा 8 जमानती वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट की तामील की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी
चेकिंग के दौरान गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका चौक पर पुलिस ने उरला निवासी राज नायक उर्फ माया को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ई-रिक्शा और वाहनों की भी हुई जांच
अभियान केवल अपराधियों तक सीमित नहीं रहा; पुलिस ने यातायात सुरक्षा के मद्देनजर ई-रिक्शा चालकों और संदिग्ध वाहनों की भी सघन तलाशी ली। बिना पहचान पत्र और संदिग्ध व्यवहार करने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।

admin 





