दिल्ली से आयुर्वेदिक एम्स मांगा सभी कोचिंग सेंटरों की जांच: सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
नई दिल्ली से लौटकर मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक एम्स स्थापित करने की मांग रखी गई। लखनऊ में हाल ही में हुए हादसे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव को राज्य के सभी कोचिंग सेंटरों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत भू-भाग वन क्षेत्र से आच्छादित है और यहां विभिन्न प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियां उपलब्ध हैं। ऐसे में आयुर्वेदिक चिकित्सा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना जरूरी है। यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में बनाए गए यूथ हॉस्टल में रहकर 13 छात्रों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (प्री) उत्तीर्ण की है। अब इन विद्यार्थियों की मुख्य परीक्षा (मेंस) की बेहतर तैयारी के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की हुई हत्या
25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की हत्या हुई थी, गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को छीन लिया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को उस दौर की जानकारी हो, इसलिए एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम में भी आपातकाल को शामिल किया गया है।

admin 




