सोने की खदान का झांसा देकर करोड़ों की ठगी,वियतनाम भागने से पहले रायपुर पुलिस ने दबोचा

सोने की खदान का झांसा देकर करोड़ों की ठगी,वियतनाम भागने से पहले रायपुर पुलिस ने दबोचा

रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान में पार्टनरशिप दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक 21 जनवरी 2026 को सिविल लाइन थाने में समर्थ बरडिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी यश राजेश शाह ने खुद को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताया और खनन व्यवसाय में भागीदारी के नाम पर निवेश करने का प्रस्ताव दिया।


आरोपी ने प्रार्थी और उसके साथी मुकुल चोपड़ा को झांसे में लेकर फर्जी तथ्यों के आधार पर पार्टनरशिप एग्रीमेंट तैयार कराया और खनन से मुनाफा होने का लालच दिया। इसके बाद दोनों से कुल 1.90 करोड़ रुपए ले लिए।


जांच में सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का खनन अधिकार नहीं है और न ही एग्रीमेंट में दर्शाई गई खदानों के संचालन का वैध अधिकार था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर वियतनाम भागने की तैयारी में है।


मुंबई एयरपोर्ट पर दस्तावेज जांच के दौरान एलओसी अलर्ट मिलने पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोक लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। उसके कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है।


आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

आरोपी यश राजेश शाह (28), निवासी फ्लैट नंबर 703, प्लॉट नंबर 40, शिल्पकला को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी, गोरादिया नगर, घाटकोपर पूर्व, मुंबई (महाराष्ट्र)। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।