यारी में वार : मल्टीलेवल पार्किंग से 36.50 लाख उड़ाए, दोनों आरोपी धराए
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, कर्ज में डूबे दोस्त ने रची साजिश
रायपुर। रायपुर में जमीन की रजिस्ट्री के लिए लाए गए 36 लाख 50 हजार रुपए दोस्त ने ही अपने साथी के साथ मिलकर गबन कर लिए। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महतारी चौक मल्टीलेवल पार्किंग का है। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली।
ऐसे रची गई साजिश
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा निवासी ज्ञानप्रकाश पांडे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 फरवरी 2026 को उसने ग्राम पिरदा की जमीन 36,50,000 रुपए में खरीदने का सौदा किया था। टोकन राशि देने वह अपने मित्र नितिन सोनी के साथ कार (CG 17 RJ 1911) से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचा।
महतारी चौक मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी कर उसने चाबी नितिन को दी और खुद रजिस्ट्री कार्यालय चला गया। कुछ देर बाद नितिन का फोन आया कि कार में रखे सफेद कपड़े के थैले से पूरी रकम चोरी हो गई है। मौके पर पहुंचने पर रकम गायब थी और नितिन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज खंगालने पर कार के आसपास काले रंग की स्कूटी पर एक संदिग्ध युवक की आवाजाही दिखी। तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थल के रिक्रिएशन में नितिन के बयान से कई विरोधाभास सामने आए। सख्ती से पूछताछ में नितिन टूट गया और अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करना स्वीकार कर लिया।
कर्ज उतारने के लिए बनाई योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नितिन सोनी भारी कर्ज में डूबा था। उसने पहले से ही रकम हड़पने की योजना बना ली थी। घटना के दिन उसने अपने दोस्त को भरोसे में लेकर रजिस्ट्री ऑफिस भेजा और साथी तनवीर आलम को बुलाकर कार से 36.50 लाख रुपए निकाल लिए। इसके एवज में तनवीर को 2 लाख रुपए देने की बात तय हुई थी।
पूरी रकम बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन की पूरी 36 लाख 50 हजार रुपए की राशि जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 94/26 के तहत धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
नितिन कुमार सोनी (32), निवासी सुमित लैंडस्केप, थाना विधानसभा, रायपुर
तनवीर आलम (28), निवासी रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर, थाना खमतराई, रायपुर
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

admin 









