रायपुर में युवक के पास मिली पिस्टल, CSEB मैदान के पास पुलिस ने दबोचा
गुढ़ियारी थाना पुलिस की कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को पिस्टल और खाली मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के CSEB मैदान के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, 16 फरवरी को गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि CSEB मैदान के पास एक युवक अपने पास पिस्टल रखे हुए है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सिद्धार्थ शर्मा (29) निवासी तिरंगा चौक, डीडी नगर, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिस्टल और एक खाली मैग्जीन बरामद की गई। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 50/26 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। जब्त पिस्टल और मैग्जीन को कब्जे में लेकर आरोपी से हथियार के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
नॉर्थ जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उसकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

admin 









