बिलासपुर: ऑटो-स्कूटी की टक्कर के बाद खूनी संघर्ष, फाइनेंस दफ्तर में घुसकर दो कर्मियों पर चाकूबाजी

बिलासपुर: ऑटो-स्कूटी की टक्कर के बाद खूनी संघर्ष, फाइनेंस दफ्तर में घुसकर दो कर्मियों पर चाकूबाजी

बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत तालापारा में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ऑटो और स्कूटी की टक्कर से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बजाज फाइनेंस के कार्यालय में घुसकर दो कर्मचारियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू के अनुसार, तालापारा निवासी आशीष कुर्रे और सुभाष रात्रे बजाज फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार शाम को वे एक सीज किए गए ऑटो को यार्ड की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी टक्कर रेहान नाम के युवक की स्कूटी से हो गई।

मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन उस वक्त मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष वहां से चले गए।

दफ्तर में घुसकर किया हमला

विवाद वहां खत्म नहीं हुआ। कुछ ही समय बाद आरोपी रेहान अपने कुछ साथियों को लेकर बजाज फाइनेंस के कार्यालय जा पहुँचा। कार्यालय के भीतर घुसते ही आरोपियों ने आशीष और सुभाष के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से दोनों कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

चाकू के हमले में दोनों युवक लहूलुहान हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ितों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।