रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करों को दबोचा,दो आरोपी गए जेल
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खमतराई क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध रूप से गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 496 ग्राम गांजा एवं एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति टीव्हीएस जुपिटर क्रमांक CG04 PV 1604 में अवैध रूप से गांजा लेकर भनपुरी क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अरोरा धर्मकांटा भनपुरी के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शिव कुमार ढीमर (27) निवासी तेलीबांधा एवं शुभम घोष (29) निवासी सिविल लाइन बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से अलग-अलग स्थानों पर रखे कुल 4 किलो 496 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा उड़ीसा से लाए थे और रायपुर में खपाने की तैयारी कर रहे थे। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपए तथा वाहन की कीमत लगभग 70 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और इस प्रकार के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी है।

admin 




