सिलेंडर की अफवाह से किरंदुल चौपाटी सूनी
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
किरंदुल। पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और कमी की अफवाहों के चलते नगर में अजीब स्थिति बन गई है। अफवाह फैलने के कारण कई लोग एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलेंडर अपने घरों में जमा करने लगे हैं, जिससे बाजार में सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गैस एजेंसी में सिलेंडर आते ही लोग तुरंत अतिरिक्त सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग स्पेयर के तौर पर सिलेंडर रखने लगे हैं, जिसके कारण अन्य उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और बाजार में कमी जैसी स्थिति बन गई है।

इसका असर शहर के छोटे व्यवसायों पर भी देखने को मिल रहा है। सिलेंडर की कमी के कारण किरंदुल चौपाटी में कई दुकानदारों ने अपने ठेले और दुकानें बंद कर दी हैं। जहां पहले शाम के समय चौपाटी में चहल-पहल रहती थी, वहीं इन दिनों वहां सन्नाटा पसरा हुआ है और गिने-चुने ठेले ही खुले दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यदि सिलेंडर की उपलब्धता जल्द सामान्य नहीं हुई तो छोटे कारोबारियों की परेशानी और बढ़ सकती है। वहीं लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

admin 




