सूखे नशे के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ : रायपुर पुलिस ने 24 घंटे में 14 आरोपी पकड़े, लाखों का गांजा जब्त
रायपुर। रायपुर पुलिस ने सूखे नशे के एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 24 घंटे के भीतर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा उरला, सिविल लाइन और कोतवाली थाना पुलिस के संयुक्त सहयोग से की गई।
उरला के किराए के मकान से हो रही थी तस्करी
पुलिस के अनुसार आरोपी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में किराए के मकान को केंद्र बनाकर पिछले एक माह से गांजा डंप कर रहे थे और मांग के आधार पर सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहे थे। गांजा परिवहन के लिए रेल मार्ग का उपयोग किया जाता था।
पहला मामला: उरला थाना
8 फरवरी 2026 को सूचना के आधार पर बेन्द्री रोड, नउवा तालाब के पास दो आरोपियों संदीप केसरवानी और राजेश यादव को गांजा बेचने की फिराक में पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने राजेन्द्र नगर उरला स्थित किराए के मकान में गांजा छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने मकान में दबिश देकर 2 महिलाओं सहित 5 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया। यहां से कुल 40.446 किलो गांजा (कीमत करीब 20.22 लाख रुपए) जब्त किया गया। थाना उरला में अपराध क्रमांक 38/26, धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला: सिविल लाइन थाना
8 फरवरी की रात खजाना चौक के पास निर्माणाधीन भवन से शाहरुख खान और राहुल कुशवाह (निवासी आगरा) को 5.699 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्ती की कीमत लगभग 3.05 लाख रुपए है।
तीसरा मामला: कोतवाली थाना
9 फरवरी को ओसीएम चौक के पास ऋषभ तांडी उर्फ रिक्की तांडी और सौरभ तांडी को लगभग 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं।
हिस्ट्रीशीटर से भी कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के दो सदस्य भी शामिल हैं, जिनसे 4 किलो गांजा बरामद किया गया है।
आगे भी होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। मामले में मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

admin 









