रायपुर में पति-पत्नी गिरफ्तार, घर के भीतर पलंग के दराज में छिपाकर रखे थे लाखों की हेरोइन

रायपुर में पति-पत्नी गिरफ्तार, घर के भीतर पलंग के दराज में छिपाकर रखे थे लाखों की हेरोइन

रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने कबीर नगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16.01 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर को कबीर नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि LIG-2/20 कबीर नगर में रहने वाली हरप्रीत कौर अपने घर में हेरोइन (चिट्टा) रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशु अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

पलंग की दराज से मिला चिट्टा


पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हरप्रीत कौर के घर की तलाशी ली। इस दौरान पलंग की दराज में रखी प्लास्टिक जिपर थैली से 16.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। पूछताछ में बताया गया कि यह मादक पदार्थ उसके पति जोधा सिंग द्वारा पंजाब से बिक्री के लिए लाया गया था।

तलाशी के दौरान हरप्रीत कौर से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इसी बीच उसका पति जोधा सिंग मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उससे एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

जब्ती और कार्रवाई

हेरोइन (चिट्टा) 16.01 ग्राम, कीमत लगभग 3,20,000 रुपए

2 मोबाइल फोन, कीमत करीब 25,000 रुपए

कुल जब्ती: लगभग 3,45,000 रुपए

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 261/25, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लिंक की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. हरप्रीत कौर (31), पत्नी जोधा सिंग, निवासी LIG-2/20 कबीर नगर, रायपुर

2. जोधा सिंग (28), पिता सतनाम सिंग, निवासी LIG-2/20 कबीर नगर, रायपु