होटल-बार संचालकों के साथ रायपुर पुलिस की बैठक : नियमों की अनदेखी करने पर होगी कार्रवाई,26 सख्त निर्देश जारी

होटल-बार संचालकों के साथ रायपुर पुलिस की बैठक : नियमों की अनदेखी करने पर होगी कार्रवाई,26 सख्त निर्देश जारी

रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) रायपुर द्वारा होटल, बार, क्लब, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौरव मंडल एवं अनुज कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त संजय सिंह, निरीक्षक सचिन सिंह, उप निरीक्षक अतुलेश राय सहित शहर के 300 से अधिक होटल, बार, क्लब व रेस्टोरेंट संचालक उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी, नियम उल्लंघन अथवा सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया और कई विषयों का तत्काल निराकरण किया गया।

संचालकों के लिए 26 अनिवार्य निर्देश

बैठक में पुलिस द्वारा होटल, रेस्टोरेंट, बार एवं क्लब संचालकों को 26 बिंदुओं पर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। इनमें प्रमुख रूप से सभी स्टाफ व सुरक्षा कर्मियों का पुलिस सत्यापन, उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाना और 30 दिन का बैकअप रखना, पार्किंग व बाहरी क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, ग्राहकों का पूर्ण विवरण दर्ज करना, मास्क लगाकर आने वालों की पहचान सुनिश्चित करना, अवैध शराब परोसने पर प्रतिबंध, नशे व नारकोटिक्स पर पूर्ण रोक, नाबालिगों के प्रवेश पर प्रतिबंध तथा रात्रि 10 बजे बाद डीजे और 12 बजे बाद संस्थान बंद रखने के निर्देश शामिल हैं।
इसके अलावा पार्टी आयोजन हेतु पूर्व अनुमति लेना, फायर सेफ्टी सिस्टम दुरुस्त रखना, क्षमता से अधिक भीड़ न होने देना, सड़क पर वाहन पार्किंग न कराना, विदेशी नागरिकों के ठहरने पर फॉर्म-सी भरवाना तथा विशेष आयोजनों के लिए एफएल-5 लाइसेंस लेना भी अनिवार्य किया गया है।

समन्वय से होगा बेहतर 
संचालन

पुलिस अधिकारियों ने सभी संचालकों से निर्देशों का अक्षरशः पालन करने, किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा स्थानीय थाना व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।