तंत्र-मंत्र से रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर किए थे बड़ी ठगी,रायपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल फरार होने से पहले आरोपियों को दबोचा
रायपुर। पैसे को 100 गुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गुढ़ियारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से ठगी की पूरी रकम 3 लाख 50 हजार रुपए, एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4.20 लाख रुपए बताई गई है।
डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद पश्चिम बंगाल फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया।
दुकान में कराया था तंत्र-मंत्र
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के मंगल बाजार स्थित एक दुकान में यह ठगी की घटना हुई। प्रार्थी रुस्तम कुर्रे ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान कुछ समय पहले सुपेला भिलाई में राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने खुद को बेरोजगार बताते हुए उससे संपर्क बनाए रखा।
दिनांक 6 फरवरी 2026 की शाम राहुल भारती अपने साथ मयंक दास को लेकर प्रार्थी की दुकान पहुंचा। मयंक दास ने खुद को तांत्रिक बताया और तंत्र-मंत्र से रकम को 100 गुना करने का दावा किया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर प्रार्थी से 3.50 लाख रुपए नगद ले लिए।
आरोपियों ने पूजा के बाद रकम को एक झोले में रखकर श्मशान से मिट्टी लाने की बात कही और वहां से फरार हो गए। बाद में झोला खोलने पर उसमें नकली नोटों के बंडल निकले।
त्वरित कार्रवाई, पूरी रकम बरामद
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 43/26, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। डीसीपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा एवं थाना प्रभारी गुढ़ियारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की घटना कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल भारती, पिता हेमेश्वर दास, निवासी रिसाली, भिलाई
मयंक दास, पिता हेमेश्वर दास, निवासी रिसाली, भिलाई
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

admin 









