दुष्कर्म कर ब्लैकमेलिंग से लाखों की उगाही, फरार आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म कर ब्लैकमेलिंग से लाखों की उगाही, फरार आरोपी गिरफ्तार

विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो की धमकी देकर वसूले 3.67 लाख रुपए

रायपुर। राजधानी रायपुर में दुष्कर्म कर ब्लैकमेलिंग के जरिए लाखों रुपए की उगाही करने के मामले में पंडरी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विवाह का प्रलोभन देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और बाद में अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे ऑनलाइन और नकद रकम वसूली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्ष 2019 से 2025 तक रिलायंस स्टोर में कार्यरत थी। इसी दौरान उसके साथ काम करने वाले आरोपी नित्या कुमार बरिहा ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर मोवा-पंडरी स्थित किराए के मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया।
आरोपी ने पैसों की जरूरत बताकर 18 जनवरी 2025 को प्रार्थिया से ऑनलाइन 52 हजार रुपए लिए। बाद में पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने युवती को उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद ब्लैकमेल करते हुए आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 3 लाख 67 हजार रुपए की उगाही की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पंडरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। लगातार फरार चल रहे आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी नित्या कुमार बरिहा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा मोबाइल फोन प्रस्तुत नहीं करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 308(2) और 238 बीएनएस जोड़ी गई।
आरोपी का विवरण: नित्या कुमार बरिहा (30), पिता लखेराम बरिहा, निवासी ग्राम डोंगरीपाली, थाना सांकरा, जिला महासमुंद।