गर्मी से राहत के संकेत, तापमान में अब गिरावट; आने वाले तीन दिनों में आंधी-बारिश की संभावना
Raipur Weather Update
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के तेवर अब कुछ नरम पड़ने लगे हैं। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और कमी आ सकती है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, जिससे मौसम में बदलाव जारी रहने की उम्मीद है।
तापमान के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बना रहेगा, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है।
राजधानी रायपुर में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। दोपहर से शाम के बीच बादल छाने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम में यह बदलाव पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर तेलंगाना और उत्तर भारत से पूर्वोत्तर क्षेत्र तक बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव के कारण हो रहा है। इसी वजह से प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

admin 





