पुलिस कमीशनरेट (उतर जोन) के जागरूकता अभियान संवाद से समाधान सफलतापूर्वक संपन्न
भनपुरी स्थित छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज़, जो लगभग 60 वर्षों पुरानी पंजीकृत लघु एवं मध्यम उद्योगपतियों की संस्था है, तथा आलू-प्याज़ आढ़तिया संघ के संयुक्त तत्वावधान में सीएफआई के ऑडिटोरियम हॉल में “संवाद से समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों में डीसीपी (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, एसीपी (उरला) पूर्णिमा लांबा, प्रोविजनल डीएसपी अमित कोसमा, खमतराई थाना प्रभारी राजेश सिंह तथा उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर उपस्थित रहे।
सीएफआई के अध्यक्ष शंकर बजाज ने सभी पुलिस अधिकारियों, उद्योगपतियों और व्यापारियों का स्वागत किया।
डीसीपी (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने बताया कि नया पुलिस कमीशनरेट तंत्र कमिश्नर संजीव शुक्ला के नेतृत्व में किस प्रकार कार्य कर रहा है। उन्होंने सरल शब्दों में समझाया कि उद्योगपति अपने दैनिक व्यवहार में अनुशासन अपनाकर सुरक्षा के साथ बिना भय के उद्योग कैसे संचालित कर सकते हैं।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के व्यवस्थित इंस्टॉलेशन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया कि पुलिस आम नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है और उद्योगपति व पुलिस प्रशासन आपसी सामंजस्य से किस प्रकार बेहतर तरीके से कार्य कर सकते हैं।
एसीपी (उरला) पूर्णिमा लांबा ने नई कमीशनरेट व्यवस्था और उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
खमतराई थाना प्रभारी राजेश सिंह ने कहा कि भनपुरी और खमतराई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र हैं तथा पुलिस हमेशा प्रयासरत रहती है कि कानून व्यवस्था बनी रहे और उद्योगपति व व्यापारी निश्चिंत होकर अपना व्यवसाय कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान खुले मंच पर उद्योगपतियों और व्यापारियों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव भी रखे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर संभव सहायता की जाएगी।
इस कार्यक्रम में आलू-प्याज़ व्यापारी संघ, भनपुरी, खमतराई तथा आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपति, व्यापारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, फेडरेशन के सदस्य तथा व्यापारी वर्ग के लगभग 200 लोग उपस्थित रहे। फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं पूरी कार्यकारिणी कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत रहे।

admin 




