छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने रचा इतिहास, सालभर में बेची1022 करोड़ की संपत्तियां

छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने रचा इतिहास, सालभर में बेची1022 करोड़ की संपत्तियां
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने एतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान रचा है। बोर्ड ने एक साल के अंदर कुल 4689 संपत्तियों को बेचा है, जो 1022 करोड़ रुपये से ज्यादा की थी। यह छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के गठन के बाद अब तक का सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है।
विगत पांच वर्षों में जहां मंडल द्वारा औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय हुआ और औसत मूल्य लगभग 262 करोड़ रुपए रहा। वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढक़र 4689 संपत्तियों एवं 1022 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। विगत एक वर्ष के दौरान शासन द्वारा लागू की गई ओटीएस-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के तहत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके परिणामस्वरूप 1452 संपत्तियों का विक्रय हुआ। 
ऐतिहासिक उपलब्धि: सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में 1022 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों का विक्रय एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और आम नागरिकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव तथा मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी।