बिलासपुर: बेवफाई के शक में खूनी अंत, प्रेमी ने प्रेमिका का गला रेतकर की खुदकुशी
बिलासपुर/कोरबा। प्रेम प्रसंग का एक खौफनाक अंत छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा के बीच देखने को मिला। एक शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका को कोरबा ले जाकर चाकू से उसका गला रेत दिया और फिर खुद की भी जान ले ली। गंभीर रूप से घायल युवती ने एक सप्ताह तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार मंगलवार (10 फरवरी) को दम तोड़ दिया।
शादीशुदा होने की बात छिपाई, दूरी बनाने पर दी मौत
पुलिस जांच के अनुसार, बिलासपुर के अशोकनगर निवासी शुभम नायडू (28 वर्ष), जो एक निजी बैंक में कार्यरत था, का प्रेम संबंध कश्यप कॉलोनी निवासी निशा उर्फ प्रतीक्षा श्रीवास (26 वर्ष) से था। शुभम पहले से ही शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी था। जब निशा को शुभम की असलियत पता चली, तो उसने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। यही बात शुभम को नागवार गुजरी और उसने निशा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
सामान खरीदने निकली थी युवती, कोरबा में मिली लहूलुहान
बीती 3 फरवरी को निशा वृंदावन परिसर में सामान खरीदने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, तो वह कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में मिली। मौके पर पुलिस पहुँची तो मंजर भयावह था; निशा खून से लथपथ तड़प रही थी और पास ही शुभम की लाश पड़ी थी।
गला रेतने के बाद युवक ने किया सुसाइड
पुलिस के मुताबिक, शुभम निशा को बहला-फुसलाकर उरगा लेकर गया था। वहाँ विवाद के बाद उसने चाकू से निशा का गला रेत दिया। उसे मरा हुआ समझकर शुभम ने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में थमीं सांसें
गंभीर स्थिति में निशा को बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया कि युवती के गले पर गहरे जख्म थे, जिसके कारण वह बात करने की स्थिति में भी नहीं थी। सात दिनों तक वेंटिलेटर और डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद 10 फरवरी को निशा की मौत हो गई।

admin 









