CG Crime : प्रेमिका को खुदकुशी के लिए उकसाने वाला मंगेतर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का भी आरोप

CG Crime : प्रेमिका को खुदकुशी के लिए उकसाने वाला मंगेतर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का भी आरोप

बिलासपुर। न्यायधानी के मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में एक युवती की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू लहरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का संगीन मामला दर्ज किया गया है। रविवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

मल्हार क्षेत्र की रहने वाली युवती बीते मंगलवार को मेला देखने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। वह धनगंवा निवासी राजू लहरिया के घर पहुंच गई थी। राजू ने इसके बाद युवती के परिजनों को फोन कर उसे ले जाने को कहा, लेकिन परिजनों ने इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी युवती को समझाने की कोशिश की, पर वह राजू के घर पर ही रुक गई।

शुक्रवार की सुबह राजू के घर पर ही युवती की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

परिजनों का भारी हंगामा और गिरफ्तारी की मांग

युवती की मौत के बाद परिजनों ने राजू पर गंभीर आरोप लगाए। शनिवार रात परिजनों ने मल्हार चौकी के सामने शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। परिजनों का आरोप था कि राजू ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया और फिर उसे प्रताड़ित किया, जिससे तंग आकर उसने जान दे दी।

तनाव बढ़ता देख पुलिस ने राजू के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने (IPC की संबंधित धाराओं) के तहत मामला दर्ज किया।

फरार आरोपी रविवार सुबह गिरफ्तार

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी राजू लहरिया अपने ठिकाने से फरार हो गया था। मस्तूरी पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और रविवार सुबह उसे घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।