महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी का हमला, राजधानी में हजारों महिलाओं ने निकाली आक्रोश रैली

महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी का हमला, राजधानी में हजारों महिलाओं ने निकाली आक्रोश रैली

रायपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी रायपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी महिला मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित ‘आक्रोश रैली’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।

इस रैली को आगामी चुनावों से पहले महिलाओं को साधने की राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। बीजेपी ने इस मुद्दे को ‘नारी सम्मान’ से जोड़ते हुए कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

इंडोर स्टेडियम से निकली रैली, लगे कांग्रेस विरोधी नारे

रैली की शुरुआत शहर के इंडोर स्टेडियम से हुई, जहां से हजारों महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला आरक्षण बिल में बाधा डालने का आरोप लगाया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीजेपी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा इस मुद्दे पर टालमटोल की राजनीति की है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

रैली में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इसके अलावा सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और लक्ष्मी वर्मा सहित प्रदेशभर से आई महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि महिला आरक्षण बिल पास न होने के पीछे कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार हैं।