बंगाल-असम में पूर्ण बहुमत का दावा, दक्षिण में भी बढ़ रहा भाजपा का जनाधार: बृजमोहन अग्रवाल

बंगाल-असम में पूर्ण बहुमत का दावा, दक्षिण में भी बढ़ रहा भाजपा का जनाधार: बृजमोहन अग्रवाल

“अब देश में केवल विकासवाद चलेगा, कांग्रेस की तुष्टिकरण और बांटने वाली राजनीति का अंत तय” : बृजमोहन अग्रवाल

“जातिवाद और भय की राजनीति को जनता ने किया खारिज, अब विकास ही चुनाव का मुद्दा” : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर/नई दिल्ली। देश की जनता को विश्वास है कि यदि कोई भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बना सकता है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है। यह बात सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कही।

आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में विभिन्न राज्यों में भाजपा की स्थिति पर चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल और असम में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी विकासपरक नीतियों के कारण जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

बृजमोहन अग्रवाल ने देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत अब जातिवाद और भय की राजनीति से आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब केवल विकास आधारित राजनीति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस पर प्रहार

अग्रवाल ने कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व में जाति आधारित विभाजन और भय की राजनीति के माध्यम से चुनाव जीते जाते थे, लेकिन आज की जागरूक जनता इस प्रकार की राजनीति को अस्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास को प्राथमिकता दे रही है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता विकास

भाजपा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पानी, बिजली, आवास, रसोई गैस और सड़क जैसी सुविधाएं आम नागरिक तक पहुंच रही हैं। डिजिटल कनेक्टिविटी और रेल सेवाओं के विस्तार से देश के कई दूरस्थ क्षेत्र मुख्यधारा से जुड़े हैं।

बदलती कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे, फोर-लेन कॉरिडोर और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने देश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। इससे व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है और आम नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है।

अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण है, जिसके लिए पार्टी निरंतर कार्य कर रही है और जनता का समर्थन उसे प्राप्त हो रहा है।