रायपुर में बवाल : कार टकराने पर युवक भिड़े, DCP पहुंचते ही कई फरार

रायपुर में बवाल : कार टकराने पर युवक भिड़े, DCP पहुंचते ही कई फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौट रहे युवकों के बीच कार टकराने को लेकर विवाद हो गया। मामूली टक्कर कुछ ही मिनटों में मारपीट और सड़क पर बवाल में बदल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अन्य युवक भी विवाद में कूद पड़े, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।


सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बढ़ते हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और डीसीपी को भी बुलाया गया। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अधिकारियों के पहुंचते ही कई युवक मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने मौके से कुछ युवकों को हिरासत में लिया। इन्हें थाने लाने के बाद भी हंगामा करने की कोशिश की गई, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति संभाली।


अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।