Raipur Crime : ट्रांसपोर्ट नगर में मचा हड़कंप-19 जुआरी गिरफ्तार, 5 लाख से अधिक नगद और मोबाइल जब्त
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर-6 में जुआ खेलते 19 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2,52,520 रुपए नगद और 20 मोबाइल फोन समेत कुल 5,02,520 रुपए का सामान जब्त किया गया।
कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों पर सख्ती के निर्देश दिए गए थे।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्किंग नंबर-6 में दीदी के ढाबा के पास 18-19 लोग 52 पत्ती ताश से दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और सभी 19 आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 2,52,520 रुपए नगद और अलग-अलग कंपनियों के 20 मोबाइल फोन (करीब 2.50 लाख रुपए कीमत) जब्त किए। कुल जब्ती 5,02,520 रुपए आंकी गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस
आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 129/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin 









