रायपुर में राजस्थान का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 2.15 किलो डोडा जब्त
खमतराई ट्रांसपोर्ट नगर से पकड़ा गया आरोपी,35 हजार की सामग्री बरामद
रायपुर। नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.150 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा, नगदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्किंग नंबर-04 में एक व्यक्ति डोडा बेचने की फिराक में है। सूचना पर एसीसीयू और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलखुश विश्नोई (22), निवासी ग्राम गोदावास कला, थाना कल्याणपुर, जिला बलोत्रा (राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान उसके थैले से डोडा बरामद हुआ। आरोपी ने कबूल किया कि वह मादक पदार्थ राजस्थान से लेकर आया था।
ये हुआ जब्त
2.150 किलोग्राम डोडा (कीमत लगभग 10,100 रुपए)
बिक्री की नगदी 3,000 रुपए
घटना से संबंधित 1 मोबाइल फोन
कुल कीमत करीब 35,000 रुपए
लगातार कार्रवाई जारी
आरोपी के खिलाफ खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 1254/25, धारा 15 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में आगे की कार्रवाई जारी है।

admin 









