आदतन बदमाश गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीट खोली गई,गुंडा सूची में नाम दर्ज करने का प्रस्ताव

आदतन बदमाश गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीट खोली गई,गुंडा सूची में नाम दर्ज करने का प्रस्ताव

रायपुर। थाना गोलबाजार पुलिस ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भयादोहन और मारपीट के मामले में कुख्यात बदमाश अयान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है, वहीं उसे गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने का प्रस्ताव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अयान खान (19 वर्ष) एक सक्रिय और आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध थाना गोलबाजार में कुल 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें चोरी का एक मामला, देशी कट्टा लेकर दहशत फैलाने का एक मामला तथा मारपीट और अवैध वसूली के तीन मामले शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी पर थाना कोतवाली में मारपीट, थाना पुरानी बस्ती में आर्म्स एक्ट तथा थाना गंज में लूट का एक गंभीर प्रकरण भी दर्ज है।

शराब दुकान के सामने की घटना
वर्तमान प्रकरण 3 दिसंबर 2025 का है। शास्त्री मार्केट स्थित शराब दुकान के सामने आरोपी ने एक व्यक्ति से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना गोलबाजार में धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 18 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


सार्वजनिक स्थानों पर बना रहा था दहशत

पुलिस का कहना है कि अयान खान सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर शराब भट्टी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को धमकाकर भय का माहौल बनाता था और जबरन वसूली करता था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोलबाजार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह, उप निरीक्षक संजय भगत, आरक्षक 1545 संदीप सिंह एवं 1484 विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदतन अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।