छत्तीसगढ़ फल-सब्जी में भी बन रहा अग्रणी: शिवराज सिंह
रायपुर (चैनल इंडिया)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित डिप्टी विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम मौजूद थे।
बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ भले ही देश का धान का कटोरा कहलाता हो, लेकिन अब यहां फल और सब्जी उत्पादन भी तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रभावी उपयोग हो रहा है, जिससे खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और किसानों की आय में बढ़ोतरी के नए रास्ते खुल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अब परंपरागत खेती से आगे बढक़र नवाचार आधारित खेती अपनाई जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यहां भाटा भूमि पर टमाटर, तीखी मिर्च के ऊपर शिमला मिर्च, साथ ही ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उन्नत और लाभकारी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। फल और सब्जी की खेती से किसान प्रति एकड़ एक से दो लाख रुपये तक की बचत और अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
बनाई जाएगी विशेष कमेटी
केंद्रीय कृषिमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में दलहन और तिलहन मिशन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। राज्य की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर फसल उत्पादन पर अध्ययन किया जाएगा। इसके तहत छत्तीसगढ़ की कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी और कृषि वैज्ञानिक शामिल रहेंगे। यह कमेटी राज्य की चुनौतियों का अध्ययन कर व्यावहारिक सुझाव देगी।

admin 









