सोने-चांदी पर महंगाई की जोरदार मार : पायल, बिछिया, झुमके हाथ से फिसले

सोने-चांदी पर महंगाई की जोरदार मार : पायल, बिछिया, झुमके हाथ से फिसले
रायपुर (चैनल इंडिया)। सोने और चांदी के बढ़ते दामों के कारण आम आदमी से अब पायल, बिछिया और झुमके दूर हो गए हैं। लोगों ने खरीदारी से तौबा कर ली है। इसके कारण सराफा कारोबार लगभग 80 फीसदी चौपट हो गया है। अब तो कारोबारियों के लिए खर्च निकलना मुश्किल हो रहा है। छोटे कारोबारी बहुत ज्यादा प्रभावित हैं। यही स्थिति रही, तो कारोबार बंद करने की नौबात आ सकती है।
इधर, जिनको शादी के लिए जरूरत है, उन ग्राहकों ने कम वजन और कम कैरेट की तरफ रुख किया है। जहां सोने के कम कैरेट के जेवर बिक रहे हैं, वहीं चांदी में कम ग्राम की पायल, बिछिया बिक रही है। सोने की कीमत लगातार आसमान पर जा रही है। अब तो इसकी कीमत एक लाख 63 हजार हो गई है। इसी के साथ चांदी के दाम तीन लाख 35 हजार हो गए हैं। इसके दाम अभी और बढऩे की संभावना है। इस साल सोने के दाम दो लाख के पार जा सकते हैं, वहीं चांदी के दाम चार लाख तक जा सकते हैं। दाम इतने ज्यादा होने के कारण आम ग्राहक अब सराफा बाजार से दूर हो गए हैं।
अब आम खरीदारी बंद
सराफा कारोबारियों का कहना है कि पहले जब सोने और चांदी के दाम कम रहते थे तो आम ग्राहकों की खरीदारी रोज होती थी। जिनके पास भी कुछ बचत होती थी वो छोटे सोने और चांदी के जेवर ले लेते थे। कोई पांच हजार की खरीदारी कर लेता तो कोई 25 हजार की भी खरीदारी कर लेता था। यह आम बात थी, लेकिन अब इस तरह की खरीदारी पूरी तरह से बंद हो गई है। अब महज जरूरत की खरीदारी ही हो रही है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के महासचिव प्रकाश गोलछा ने बताया कि, सोने ने और चांदी के दाम बढऩे से कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। अब तो ग्राहक शादियों के लिए जरूरत की ही खरीदारी कर रहे है और वह भी लाइटवेट जेवरों की। चांदी में भी बहुत कम ग्राम की पायल, बिछिया ही बिक रही है।