CG Crime : होने वाले पति की खामोशी नहीं सह पाई युवती, लगाई फांसी
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पहली घटना बौरीपारा की है, जहाँ शादी तय होने के बाद मंगेतर से बातचीत बंद होने से आहत एक युवती ने मौत को गले लगा लिया। वहीं, दूसरी घटना गांधीनगर इलाके की है, जहाँ एक श्रमिक युवती ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगा ली।
केस 1: मंगेतर से बातचीत बंद होने पर दी जान
दरिमा क्षेत्र के ग्राम अड़ची की रहने वाली उर्मिला दास (23 वर्ष) शहर के एक कपड़ा दुकान में काम करती थी और अपने चाचा के घर लटोरी में रहती थी। पुलिस के अनुसार, उर्मिला की शादी पांच महीने पहले रजपुरी निवासी मुकेश दास से तय हुई थी।
मुकेश बिलासपुर में पीएससी (PSC) की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि पिछले एक महीने से मुकेश ने उर्मिला से बातचीत करना बंद कर दिया था, जिसके कारण वह काफी तनाव में और गुमसुम रहने लगी थी। 28 फरवरी को उर्मिला अपनी चचेरी बहन के साथ बौरीपारा स्थित मुकेश के भाई के कमरे पर पहुंची और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहाँ उर्मिला का शव फंदे से लटका मिला।
केस 2: गांधीनगर में युवती ने की खुदकुशी
दूसरी घटना गांधीनगर के मुक्तिपारा क्षेत्र की है। यहाँ बगीचा (जशपुर) निवासी आकांक्षा टोप्पो (23 वर्ष) किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम करती थी। घटना वाले दिन वह काम पर नहीं गई थी। शाम को जब पड़ोसी लौटे और दरवाजा खटखटाया, तो कोई जवाब नहीं मिला। मकान मालिक ने खिड़की से देखा तो आकांक्षा फांसी पर लटकी हुई थी। फिलहाल इस मामले में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली और गांधीनगर पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस उर्मिला के मामले में मंगेतर और उसके परिजनों से पूछताछ कर सकती है ताकि आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी किसी संभावना की जांच की जा सके।

admin 









