NEET की तैयारी कर रही छात्रा से दरिंदगी : कैब ड्राइवर ने किया दुष्कर्म, झूठी शादी रचाकर नवजात बेटी के साथ छोड़ा

NEET की तैयारी कर रही छात्रा से दरिंदगी : कैब ड्राइवर ने किया दुष्कर्म, झूठी शादी रचाकर नवजात बेटी के साथ छोड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ मेडिकल (NEET) की तैयारी कर रही वाराणसी की एक छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की गई। आरोपी कैब ड्राइवर ने युवती के गर्भवती होने पर मंदिर में झूठी शादी रचाई और बेटी के जन्म के बाद उसे बेसहारा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग के दौरान शुरू हुई थी पहचान

पीड़िता मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली है और लखनऊ के पीजीआई (PGI) थाना क्षेत्र में रहकर NEET की कोचिंग कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राहुल यादव नामक कैब ड्राइवर से हुई। आरोपी ने छात्रा को अपनी बातों में फंसाया और खुद को अविवाहित बताकर नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि राहुल ने छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया।

गर्भवती होने पर रचाई 'झूठी शादी'

जब छात्रा गर्भवती हो गई, तो उसने राहुल पर शादी का दबाव बनाया। समाज में बदनामी के डर से राहुल उसे एक मंदिर ले गया और वहां शादी की रस्मों का ढोंग किया। शादी के बाद आरोपी उसे पत्नी की तरह एक किराए के मकान में रखने लगा। इस दौरान पीड़िता ने एक बच्ची को जन्म दिया।

सच्चाई सामने आते ही आरोपी फरार

बच्ची के जन्म के कुछ समय बाद राहुल का व्यवहार बदलने लगा। वह अक्सर घर से गायब रहने लगा। पीड़िता ने जब छानबीन की, तो उसे पता चला कि राहुल पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। अपनी पोल खुलते देख आरोपी राहुल छात्रा और उसकी नवजात बेटी को एक किराए के कमरे में छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

बेसहारा छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पीजीआई थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राहुल यादव के खिलाफ दुष्कर्म (IIPC 376), धोखाधड़ी (420) और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस का बयान: "पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।"स्थानीय थाना प्रभारी