रायपुर में सनसनी : पेट्रोल भरवाते वक्त बाइक में लगाई आग, दो युवक गिरफ्तार
रायपुर। उरला थाना क्षेत्र स्थित कर्मा चौक के संगीता पेट्रोल पंप पर मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पेट्रोल भरवाने आए दो युवकों ने अपनी ही मोटरसाइकिल में आग लगा दी। पेट्रोल पंप कर्मी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को शाम करीब 7:40 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। कर्मचारी बाइक में पेट्रोल डाल रहा था, तभी पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और सिगरेट जलाने लगा। पेट्रोल पंप कर्मी ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन युवक ने लाइटर जलाकर पेट्रोल डाले जाने के दौरान ही बाइक की टंकी में आग लगा दी।
आग की लपटें उठते ही पेट्रोल मशीन के नोजल तक पहुंच गईं। मौके पर मौजूद कर्मचारी की तत्परता से तुरंत आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया।
कर्मी की शिकायत पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287, 125 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय (21) निवासी बीरगांव और ईमरान कुरैशी (21) निवासी उरला के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोटरसाइकिल और लाइटर जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

admin 









