यात्रियों के लिए राहत भरी खबर : अब जाम से मुक्ति, स्टेशन क्षेत्र में हल्के मालवाहकों की एंट्री बंद

यात्रियों के लिए राहत भरी खबर : अब जाम से मुक्ति, स्टेशन क्षेत्र में हल्के मालवाहकों की एंट्री बंद

शाम 5 से रात 9 बजे तक तेलघानी नाका और आसपास के 6 मार्गों पर प्रतिबंध, यात्रियों को जाम से मिलेगी राहत

रायपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात, कमिश्नरेट रायपुर ने बड़ा निर्णय लिया है। स्टेशन और तेलघानी नाका क्षेत्र में रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यह आदेश डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा जनहित में जारी किया गया है। रेलवे स्टेशन गेट नंबर 1 और 2, तेलघानी नाका चौक और अग्रसेन चौक पर लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।


क्यों लिया गया फैसला ?

शहर के केलकर पारा, गंज मंडी, भैंसथान, नाहरपारा, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड, नर्मदा पारा समेत आसपास के क्षेत्रों में लगभग 300 गोदाम संचालित हैं। यहां हल्के मालवाहक वाहनों से दिनभर लोडिंग-अनलोडिंग होती है, जिससे शाम के व्यस्त समय में ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय रहवासियों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इन 6 मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध


अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग – तेलघानी नाका चौक
राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक
फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी नाका चौक
चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज, नर्मदा पारा होकर स्टेशन चौक निकास गेट तक
कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज एवं अंडरब्रिज होकर तेलघानी नाका चौक
नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा की ओर


व्यापारियों से अपील

पुलिस ने शहर के व्यापारियों और गोदाम संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित समय में हल्के मालवाहक वाहनों को स्टेशन क्षेत्र में प्रवेश न कराएं।
जनहित में जारी इस आदेश का पालन कर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।
???? प्रशासन का दावा है कि इस निर्णय से स्टेशन क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आएगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी