रायपुर पुलिस कमिश्नरेट : ड्रोन से निगरानी,होली के मद्देनजर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
शाम को सभी थाना क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया
होली पर्व के मद्देनजर रायपुर पुलिस (ग्रामीण) का फ्लैग मार्च
रायपुर। होली पर्व के मद्देनजर रायपुर पुलिस (ग्रामीण) क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से आज 2 फरवरी को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा लगभग 500 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफ किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आमजन से समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग अथवा शांति भंग की स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास उत्पन्न किया गया तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।
होली पर्व के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाइक पेट्रोलिंग, थाना पेट्रोलिंग वाहन, ए.डी. पार्टी, थानों के फिक्स चेकिंग प्वाइंट, यातायात पुलिस के साथ एमसीपी (मोटर चेकिंग प्वाइंट) एवं ब्रेथ एनालाईजर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन चेकिंग प्वाइंट्स पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की जाएगी। तीन सवारी वाहन चलाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज गति से वाहन चलाने वालों, स्टंट करने वालों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहें, संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की सघन चेकिंग करें तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर विशेष निगरानी रखें।
फ्लैग मार्च के दौरान आम नागरिकों से होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नजदीकी थाने को दें।

admin 









