रायपुर में हुक्का सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद,मकान में मिली प्रतिबंधित सामग्री,आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में हुक्का सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद,मकान में मिली प्रतिबंधित सामग्री,आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारडीह के राजीव नगर इलाके में एक मकान पर छापा मारकर लाखों रुपए की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त की है। मामले में पुलिस ने आरोपी अशोक मदनी (59) को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि राजीव नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश दी।

मकान से मिला हुक्का और प्रतिबंधित सामान

छापे के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी निवासी खम्हारडीह बताया। तलाशी में हुक्का पॉट, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। जब पुलिस ने वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

करीब 1 लाख रुपए का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख रुपए कीमत की प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है। आरोपी के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25 के तहत कोटपा एक्ट की धारा 4(क) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।