नववर्ष से पहले रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,पेट्रोलिंग का पैटर्न बदलकर आरोपियों को दिया चकमा,4 दबोचे गए
हिस्ट्रीशीटर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 35 हजार की अवैध शराब जब्त
रायपुर। नववर्ष को देखते हुए रायपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की 25 सदस्यीय टीम ने 28 दिसंबर की रात पैदल पेट्रोलिंग कर शहर के अलग-अलग इलाकों में आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर रवि साहू समेत कुल 4 आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 247 पौवा देशी-अंग्रेजी शराब और 24 बोतल बीयर जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष तक इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

पेट्रोलिंग का नया पैटर्न
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम संदीप मित्तल और उप पुलिस अधीक्षक क्राइम संजय सिंह के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने देवारडेरा, बीएसयूपी कॉलोनी सहित अन्य बस्तियों में पैदल पेट्रोलिंग कर अचानक चेकिंग की, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

कोतवाली से हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी नगर में चेकिंग के दौरान फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर रवि साहू (42) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 94 पौवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपी पहले से आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट के मामलों में फरार था। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

तेलीबांधा और मौदहापारा में भी धरपकड़
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के देवारपारा में विशाल यादव उर्फ गंगा (25) को 63 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं सूरज यादव (21) के पास से 65 पौवा देशी शराब जब्त की गई। दोनों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
मौदहापारा थाना क्षेत्र के रजबंधा मैदान के पास फिरोज खान (52) को 24 बीयर बोतल और 25 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
रवि साहू, गांधी नगर, कोतवाली
विशाल यादव उर्फ गंगा, देवारपारा, तेलीबांधा
सूरज यादव, देवारपारा, तेलीबांधा
फिरोज खान, रजबंधा मैदान, मौदहापारा


admin 









