नए साल के जश्न के ठीक पहले रायपुर में हिस्ट्रीशीटर के पास मिली पिस्टल और कारतूस, नागपुर से लाया था, क्या थी प्लानिंग ?

नए साल के जश्न के ठीक पहले रायपुर में हिस्ट्रीशीटर के पास मिली पिस्टल और कारतूस, नागपुर से लाया था, क्या थी प्लानिंग ?

रायपुर। नए साल के जश्न से ठीक पहले रायपुर पुलिस ने किसी अनहोनी को टाल दिया है। शहर में सक्रिय एक हिस्ट्रीशीटर के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियार नागपुर से लाया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लाने का मकसद क्या था ?

रायपुर पुलिस ने टिकरापारा थाना क्षेत्र से मंगलवार को एक आरोपी को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली है, जो पहले भी हत्या और नारकोटिक एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठगांव स्थित रावणभाठा मैदान में एक व्यक्ति पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में एसीसीयू और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

तलाशी में मिला हथियार

पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली, निवासी टिकरापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद की गईं। हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पिस्टल और कारतूस वह नागपुर से लेकर आया था।

ये हुआ जब्त

01 पिस्टल

02 जिंदा कारतूस

02 खाली मैगजीन

हत्या और एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है आरोपी 

आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र से हत्या और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

तौकीर अहमद उर्फ बबलू बाटली (35), पिता स्व. हाफीज अहमद
निवासी – बजरंग मंदिर रोड, राजातालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर
हाल पता – गिट्टी खदान, आयोध्या नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर