Raipur Crime : ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपए जब्त

Raipur Crime : ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपए जब्त

रामको777, वुड777 और पावरएक्सच वेबसाइट से चला रहे थे क्रिकेट सट्टा, म्यूल खातों से करते थे लेन-देन

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक के पास दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपए नगद सहित कुल करीब 19.70 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि वे ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेल-खिला रहे थे। आरोपी कमीशन के आधार पर आईडी उपलब्ध कराकर अवैध लाभ कमा रहे थे।

म्यूल खातों से हो रहा था लेन-देन

जांच में खुलासा हुआ है कि सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए आरोपी किराए पर लिए गए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब संबंधित खाताधारकों की जानकारी जुटा रही है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।

ऐसे हुई कार्रवाई

11 फरवरी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि कबीर नगर क्षेत्र के फेस-02 तिरंगा चौक के पास कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल के निर्देशन में टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई।

मौके से भागने की कोशिश कर रहे चार युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी बताए।

जब्त सामग्री

17,00,000 रुपए नगद
7 मोबाइल फोन
4 बैंक पासबुक
1 चेकबुक
27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड
कुल कीमत लगभग 19,70,000 रुपए
आरोपियों के खिलाफ कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 44/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के मुताबिक ओम खेमानी पूर्व में थाना आमानाका और दीपक सचदेवा थाना खम्हारडीह क्षेत्र में सट्टा प्रकरण में जेल जा चुके हैं।

2026 में अब तक 14 गिरफ्तारी

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 3 मामलों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 1.04 करोड़ रुपए नगद सहित कुल लगभग 1.92 करोड़ रुपए का मशरूका जब्त किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बदलते अपराध के खिलाफ बदली रणनीति

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदलते साइबर अपराधों के मद्देनजर आरोपियों की जीवनशैली और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी, जिसका परिणाम यह कार्रवाई है।