नए साल में वैष्णो देवी में उमड़ा आस्था का सैलाब: 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, भीड़ देख प्रशासन ने रोकी यात्रा
नई दिल्ली। नए साल के स्वागत के लिए माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रिकॉर्ड तोड़ भीड़ के चलते सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन को यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। 1 जनवरी की शाम तक श्रद्धालुओं की संख्या 40,000 के पार पहुंच गई, जिसके बाद कटरा आधार शिविर में ही भक्तों को रोकने के निर्देश दिए गए।
RFID काउंटरों पर लगी रोक
भीड़ के अनियंत्रित दबाव को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने एक बड़ा फैसला लिया है। अचानक हुई भीड़ में वृद्धि के कारण आज शाम RFID पंजीकरण काउंटरों को समय से पहले ही बंद कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, भवन और अर्धकुंवारी क्षेत्र में क्षमता से अधिक लोग जमा न हों, इसलिए नए पंजीकरण पर रोक लगाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे मार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्काईवॉक और नए रास्तों के जरिए भीड़ को मैनेज किया जा रहा है। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य रखें और स्थिति सामान्य होने तक कटरा में ही प्रतीक्षा करें।

admin 









