Raipur Big Breaking : भनपुरी डामर फैक्ट्री में भीषण आग, दूर-दूर तक धुआं ही धुआं, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
रायपुर। भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक डामर फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री से उठता काला धुआं और लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। देर शाम तक आग पर काबू पाने और कूलिंग का काम जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही उरला थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए फैक्ट्री को तुरंत खाली करा लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल किसी के घायल होने या मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने की सूचना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और एहतियातन कूलिंग का काम किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

admin 









