एमडी बनकर ठगों ने मांगे 50 लाख, सतर्क अफसरों ने नाकाम किया साइबर फ्रॉड

एमडी बनकर ठगों ने मांगे 50 लाख, सतर्क अफसरों ने नाकाम किया साइबर फ्रॉड

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक (एमडी) राजेश कुमार शुक्ला के नाम पर साइबर ठगों द्वारा बड़ा फ्रॉड करने की कोशिश का मामला सामने आया है। ठगों ने कंपनी के अधिकारियों को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर करीब 50 लाख रुपए तत्काल ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता से यह साजिश विफल हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर कंपनी के कुछ अधिकारियों को एक मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को एमडी राजेश शुक्ला बताते हुए कहा कि वे एक महत्वपूर्ण बैठक में व्यस्त हैं और तत्काल 49 लाख 60 हजार 801 रुपए आरटीजीएस के जरिए एक खाते में भेजे जाएं। मैसेज में बैंक का नाम, खाता संख्या, आईएफएससी कोड और लाभार्थी संस्था की जानकारी भी दी गई थी।

ठगों ने संदेश में जल्दबाजी का माहौल बनाते हुए अधिकारियों पर तुरंत रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। हालांकि, कंपनी के सतर्क अधिकारियों ने बिना पुष्टि किए भुगतान करने से इनकार कर दिया और मामले की जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का प्रयास था।

घटना की जानकारी मिलते ही एमडी राजेश कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्हाट्सएप जैसे अनौपचारिक माध्यमों से किसी भी प्रकार के भुगतान के निर्देश संदिग्ध माने जाएं और ऐसे संदेशों पर कोई प्रतिक्रिया न दी जाए।

कंपनी प्रबंधन ने इस मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।