राजधानी में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती: एक रात में 165 नशेड़ी चालक पकड़ाए, 2300 पर हो चुकी कार्रवाई

राजधानी में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती: एक रात में 165 नशेड़ी चालक पकड़ाए, 2300 पर हो चुकी कार्रवाई

रायपुर। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 12 अप्रैल की रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 165 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया।

यातायात एवं प्रोटोकॉल के डीसीपी Vikas Kumar के निर्देशन में शहर के 9 अलग-अलग स्थानों पर यह कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारियों और पुलिस स्टाफ की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और सभी मामलों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक 2300 से अधिक नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, जिन पर अदालत द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि ड्रंक एंड ड्राइविंग सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है, जिससे चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। इसी को देखते हुए इस अभियान को लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। नशे में वाहन चलाने के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी।

इसके साथ ही रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। साथ ही यह भी कहा गया है कि रात में नशे में वाहन चलाने वालों को बचाने या छोड़ने के लिए पुलिस को कॉल कर अनावश्यक दबाव न बनाएं।