सगी बहनों का ड्रग नेटवर्क बेनकाब 6 किलो गांजा और लाखों की संपत्ति जब्त

सगी बहनों का ड्रग नेटवर्क बेनकाब 6 किलो गांजा और लाखों की संपत्ति जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस की सख्ती के बावजूद सूखे नशे का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर अब इस धंधे को चलाने के लिए महिलाओं और युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि संदेह से बचा जा सके और सप्लाई चेन निर्बाध बनी रहे। पुलिस की कार्रवाई में ऐसे कई नेटवर्क लगातार उजागर हो रहे हैं।

इसी क्रम में बिलासपुर के सरकंडा इलाके में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और सरकंडा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं अलग-अलग नामों से इलाके में सक्रिय थीं और गांजे की सप्लाई कर रही थीं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं गांजा बेच रही हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रेड कर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 किलो गांजा, करीब 5.98 लाख रुपये नगद, 2 मोबाइल फोन, 2 घड़ियां, 2 स्कूटी और एक कार बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 15.78 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी ने बताया कि बरामद कार उसके एक परिचित की है, जिसे वह अपने उपयोग में ले रही थी। वहीं, गांजा बिक्री से मिले पैसों से स्कूटी खरीदकर उसका इस्तेमाल सप्लाई के लिए किया जा रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी बहनों के खिलाफ पहले से ही मादक पदार्थ से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूलतः जयराम नगर मस्तूरी की निवासी हैं और हाल ही में सरकंडा क्षेत्र में रहकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रही थीं।