परिवार को बीच रास्ते में रोककर लूटपाट और युवतियों से बदसलूकी करने वाले 5 गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल

परिवार को बीच रास्ते में रोककर लूटपाट और युवतियों से बदसलूकी करने वाले 5 गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल

रायपुर। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र में आधी रात को एक परिवार को निशाना बनाकर लूटपाट और मारपीट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों समेत तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने न केवल हथियारों के दम पर लूटपाट की, बल्कि बीच-बचाव करने आईं युवतियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की।

चाकू की नोक पर आधी रात को वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना 8 अप्रैल की रात करीब 1ः30 बजे की है। दतरेंगा निवासी भूषण साहू अपनी दोनों भांजियों और एक साथी के साथ भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। सेजबहार स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल गिरा दी और चाबी छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने डंडे से हमला कर दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

युवतियों से बदसलूकी और लूटपाट
जब पीड़ित की भांजियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें खींचने का प्रयास किया, जिससे उनके कपड़े फट गए। वारदात के बाद आरोपी गले की सोने की चेन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और पीड़ित की मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए थे।

संयुक्त टीम ने सीसीटीवी से दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, मुजगहन और न्यू राजेंद्र नगर थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी चेतन नामदेव और नितिन ध्रुव को दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया।

बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडे के साथ घटना को अंजाम देने उपयोग की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चेतन नामदेव और एक अन्य नाबालिग आदतन अपराधी हैं और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 310(2), 74 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।