निगम की सख्त कार्रवाई, आवासीय भवन में बनी अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर

निगम की सख्त कार्रवाई, आवासीय भवन में बनी अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जोन क्रमांक-5 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन-5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के निर्देशानुसार भाठागांव के विनायक सिटी मार्ग पर स्थित एक आवासीय स्वीकृत भवन में अनुमति के विपरीत बनाई गई व्यावसायिक दुकान को तोड़कर हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके एवं उप अभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर मौके पर उपस्थित रहे। नगर निगम जोन-5 के नगर निवेश विभाग द्वारा चलाए गए इस अभियान में थ्रीडी मशीन की सहायता से भवन में लगाए गए शटर एवं अवैध रूप से निर्मित कमरों को तोड़ा गया।
निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भवन को आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृति मिली थी, लेकिन नियमों के विपरीत उसमें व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा रही थी। पूर्व सूचना एवं वैधानिक प्रक्रिया के बाद यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और नियम विरुद्ध उपयोग पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नियोजन व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो।