बजट में 24 गुना की रिकॉर्ड बढ़ोतरी
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में में रेलवे का दायरा बढ़ रहा है। रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बजट में 7,470 करोड़ का प्राविधान किया है। इस वर्ष राज्य के लिए 7,470 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो 2009-14 के औसत बजट 311 करोड़ की तुलना में 24 गुना अधिक है। इस पूंजी निवेश से राज्य में कुल 51,080 करोड़ की रेल परियोजनाएं गति पकड़ रही हैं।
छत्तीसगढ़ में रेल आवागमन को नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने रेलवे बजट में राज्य को 7470 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पहले से चल रहे 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे प्रोजेक्ट भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरते ही अगले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में पैसेंजर ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी। रेलवे के 51 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स में नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशन विस्तार और आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूर-दराज के इलाकों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं रावघाट रेल परियोजना भी तेजी से पूरा किया जा रहा है रेलवे अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में लगभग 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
रोज 70 हजार से ज्यादा यात्री
छत्तीसगढ़ में रायपुर, भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद जैसे शहरों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी और व्यापार के लिए एक-दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं। अनुमान है कि वर्तमान में करीब 40 प्रतिशत यात्री मजबूरी में खड़े होकर सफर कर रहे हैं। नई पैसेंजर ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
216 ट्रेनें चल रही
वर्तमान स्थिति की बात करें तो छत्तीसगढ़ में कुल 216 ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इनमें 162 मेल-एक्सप्रेस और 54 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे की योजना के अनुसार अगले दो साल में पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर लगभग दोगुनी की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक इजाफा होने का अनुमान है।
रावघाट प्रोजेक्ट का प्रारंभ होना अमूल्य उपहार: सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार का बड़ा तोहफा बताते हुए कहा कि इस निवेश से प्रदेश रेल सुविधाओं के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के जरिए विकास की तस्वीर पेश करते हुए बताया कि वर्तमान में राज्य में वृहद स्तर पर रेल प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है, जिनमें नए ट्रैक बिछाने से लेकर स्टेशनों का कायाकल्प तक शामिल है। बस्तर के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रावघाट-जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट का प्रारंभ होना जनजातीय समाज के लिए एक अमूल्य उपहार है। साथ ही, परमलकसा-खरसिया कॉरिडोर और नए फ्रेट कॉरिडोर की स्वीकृति से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में यात्री गाडिय़ों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी।
केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ रेलवे को 7470 करोड मिला है जिससे छत्तीसगढ़ में रेलवे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी साथ ही पैसेंजर ट्रेनों की संख्या दो गुनी होगी।