बच्चों की मुस्कान बना सीएम साय के जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा

बच्चों की मुस्कान बना सीएम साय के जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा

जशपुर के बगिया बालक आश्रम में बच्चों संग केक काटा, बोले—‘आपकी खुशी ही मेरा उपहार’


रायपुर/जशपुर। विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आश्रम परिसर में कुछ देर के लिए माहौल बिल्कुल पारिवारिक उत्सव जैसा हो गया।


मुख्यमंत्री जैसे ही आश्रम पहुंचे, बच्चे दौड़कर उनके पास आ गए। सीएम ने बच्चों के साथ केक काटा और खुद अपने हाथों से केक व चॉकलेट खिलाई। इस दौरान वे किसी औपचारिक पद पर नहीं, बल्कि एक स्नेही अभिभावक की भूमिका में नजर आए।


सीएम साय बच्चों के बीच बैठकर उनसे पढ़ाई, सपनों और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत करते रहे। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और जीवन में आगे बढ़कर प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।


उन्होंने कहा, “आप सबकी मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है।” उनके इन शब्दों से बच्चों के चेहरे पर अलग ही चमक दिखाई दी।


आदिवासी बच्चों के बीच बिताया खास दिन
बगिया बालक आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए यादगार और प्रेरणादायी क्षण बन गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और स्टाफ उपस्थित रहे।
बच्चों के साथ बिताए इन पलों ने न सिर्फ मुख्यमंत्री का जन्मदिन खास बनाया, बल्कि आश्रम के नन्हे छात्रों को भी जीवन भर की एक खूबसूरत स्मृति दे दी।